
सासनी 16 अगस्त। सासनी क्षेत्र के लुटसान गांव के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक सवार दो कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। घायलों की पहचान फिरोजाबाद निवासी 22 वर्षीय विपिन पुत्र राममोहन और 20 वर्षीय गुलशन कुमार पुत्र मूलचंद के रूप में हुई है। दोनों अपने एक दर्जन से अधिक साथियों के साथ फिरोजाबाद से कलकत्ती राजघाट के लिए डाक कांवड़ लेने जा रहे थे। बताया गया कि उनकी बाइक जैसे ही लुटसान गांव के पास पहुंची, सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सीएचसी में चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। विपिन की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी सीएचसी पहुंची और घायलों से घटना के संबंध में जानकारी ली। हादसे के बाद सड़क पर बने गड्ढों को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली।









