
हाथरस 07 अगस्त। सरस्वती वीणा मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल में ईएनटी चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि सामने आई है। अस्पताल के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. रोहित महेश गुप्ता ने पिछले तीन वर्षों में 500 से अधिक कान की सर्जरी सफलतापूर्वक की हैं। अस्पताल में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के अंतर्गत पात्र मरीजों को उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को जटिल ईएनटी सर्जरी का लाभ मिल रहा है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, कई कान की सर्जरियों के साथ अन्य जटिल ऑपरेशन भी आयुष्मान योजना के तहत किए गए हैं। डॉ. गुप्ता द्वारा कान की सर्जरी के अलावा बड़ी संख्या में एंडोस्कोपिक नाक एवं साइनस सर्जरी (FESS), एडेनॉइड और टॉन्सिल ऑपरेशन तथा सिर एवं गर्दन से जुड़ी विभिन्न जटिल सर्जरियां भी की जा रही हैं। डॉ. रोहित महेश गुप्ता ने बताया कि आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक, उच्च गुणवत्ता वाले चिकित्सा उपकरणों और बेहतर ऑपरेटिव सुविधाओं के चलते अब हाथरस में भी कई जटिल ईएनटी सर्जरियां संभव हो रही हैं। पहले इन उपचारों के लिए मरीजों को आगरा, अलीगढ़, नोएडा या दिल्ली जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ ईएनटी सेवाएं उपलब्ध होने से मरीजों और उनके परिजनों को यात्रा, समय और अतिरिक्त खर्च से राहत मिल रही है। स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि हाथरस में आधुनिक ईएनटी सर्जरी सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे जिले के मरीजों की बड़े शहरों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।










