Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 जून । जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में हाल ही में हुई वर्षा एवं ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के आकलन के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने तहसील हाथरस क्षेत्र के ग्राम नगला अनीगढ़ी एवं संटीकरा का दौरा कर खेतों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित किसानों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा फसल क्षति की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी खेतों में पहुंचे और किसानों से वर्षा एवं ओलावृष्टि से हुई क्षति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। किसानों ने बताया कि असमय हुई वर्षा और ओलावृष्टि के कारण उनकी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कर वास्तविक क्षति का निष्पक्ष एवं पारदर्शी आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण कार्य के दौरान प्रत्येक प्रभावित किसान का विवरण सही ढंग से दर्ज किया जाए और कोई भी पात्र किसान राहत सहायता से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल क्षति संबंधी रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में तैयार कर समयबद्ध तरीके से पोर्टल पर अपलोड की जाए, ताकि प्रभावित किसानों को शासन स्तर से मिलने वाली सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जा सके। जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक प्रभावित किसान को नियमानुसार सहायता दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि वे सर्वेक्षण टीमों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे क्षति का सटीक आंकलन किया जा सके। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी हाथरस, कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Next News :-बैंक ऑफ इंडिया के वरिष्ठ कर्मचारी के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह आयोजित

For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page