
हाथरस 07 जुलाई। जिला कर अधिवक्ता एसोसिएशन हाथरस द्वारा समाज सेवा और मानवता के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए राज्य कर विभाग परिसर, आगरा रोड पर ब्रज चैरिटेबल ब्लड सेंटर, मथुरा के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अधिवक्ताओं, राज्य कर विभाग के अधिकारियों, व्यापारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इस दौरान कुल 30 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसका उपयोग जरूरतमंद मरीजों के उपचार में किया जाएगा। शिविर में एसोसिएशन की अध्यक्ष अलका अग्रवाल एडवोकेट, सचिव प्रवीण बंसल एडवोकेट, कोषाध्यक्ष जितिन कुमार अग्रवाल एडवोकेट, पवन वार्ष्णेय एडवोकेट, चक्रवर्ती गोयल एडवोकेट, आर.पी. अग्रवाल एडवोकेट, तुषार अग्रवाल एडवोकेट, प्रदीप अग्रवाल एडवोकेट, पियूष गुप्ता एडवोकेट, गिरीश चंद शर्मा एडवोकेट सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे। शिविर की विशेष बात यह रही कि राज्य कर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। रक्तदान करने वालों में संयुक्त आयुक्त आर.के. सिंह, सहायक आयुक्त मयंक जैन, सहायक आयुक्त हरिनाथ यादव तथा राज्य कर अधिकारी आशीष यादव प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अलावा कई अधिवक्ताओं, व्यापारियों, विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी स्वेच्छा से रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि “रक्तदान महादान” है और एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचा सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन में ब्रज चैरिटेबल ब्लड सेंटर, मथुरा की चिकित्सकीय टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद सुरक्षित रूप से रक्तदान कराया गया तथा उन्हें प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला कर अधिवक्ता एसोसिएशन (पंजी.), हाथरस ने सभी रक्तदाताओं, राज्य कर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं, ब्रज चैरिटेबल ब्लड सेंटर की चिकित्सकीय टीम तथा सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जनहित एवं समाज कल्याण के ऐसे सेवा कार्य निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।


























