Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 07 अगस्त। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन संचालित राजकीय जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही अध्ययनरत विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी तैयारियों और आवश्यकताओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पूरी एकाग्रता, अनुशासन और समर्पण के साथ पढ़ाई करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरे मनोयोग, निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ प्रयास किया जाए तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है। जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से पुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया और कहा कि पुस्तकों के अलावा यदि किसी अन्य संसाधन या सुविधा की आवश्यकता है तो उसकी सूची तैयार कर उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र सुनिश्चित की जा सकें। पुस्तकालय की प्रभारी अधिकारी एवं प्रधानाचार्य राजकीय बालिका इंटर कॉलेज डॉ. नीरज गोयल ने बताया कि वर्तमान में पुस्तकालय में करीब आठ हजार पुस्तकें उपलब्ध हैं। पुस्तकालय के संचालन के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से पुस्तकालय समन्वयक, कंप्यूटर ऑपरेटर और कार्यालय सहायक सहित तीन कार्मिक तैनात हैं। वर्तमान में 211 छात्र-छात्राएं पुस्तकालय में पंजीकृत हैं।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए जिलाधिकारी ने पुस्तकालय को प्रतिदिन रात 10 बजे तक संचालित करने और कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्टवार निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी कम से कम एक अध्ययन कक्ष खुला रखने को कहा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को पुस्तकालय परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पुस्तकालय के समग्र विकास के लिए बाउंड्री वॉल की ऊंचाई बढ़ाने, पार्किंग स्थल बनाने, खिड़कियों पर जाली लगवाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने, मेज-कुर्सियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, रंगाई-पुताई सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए कार्ययोजना तैयार कर जल्द कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही पुस्तकालय में पड़ी अनुपयोगी सामग्री को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), उप जिलाधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हाथरस सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page