Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 सितम्बर। श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा रजिस्टर्ड हाथरस के तत्वावधान में भाद्रपद शुक्ल पक्ष बलदेव छठ के अवसर पर किला स्थित दाऊजी महाराज के मंदिर प्रांगण में देव छठ उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। प्रातः करीब 6 बजे श्री राम दरबार प्रभात फेरी ध्वज फहराते हुए तथा संगीतमय स्वर में दाऊबाबा का कीर्तन करते हुए श्री वेद भगवान शिविर पहुंची। प्रभात फेरी के शिविर में पहुंचते ही पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने नाचते-गाते हुए देव छठ उत्सव का शुभारंभ किया। श्री वेद भगवान के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा फौजी एवं महोत्सव सभापति विश्वनाथ पुरोहित ने पुष्पवर्षा कर प्रभात फेरी का स्वागत किया। सत्येंद्र स्वरूप शर्मा फौजी एवं इंजीनियर देव स्वरूप शर्मा ने भक्तजनों को पीत पटिका पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालु बलदाऊ बाबा का गुणगान करते हुए भक्ति में मंत्रमुग्ध होकर नाचते-गाते रहे।

कार्यक्रम में शहर के प्रसिद्ध नवग्रह मंदिर के पुजारी दिनेश गुरुजी भी शामिल हुए। उन्होंने श्री वेद भगवान के अध्यक्ष से वेद भगवान की पीत पटिका आशीर्वाद स्वरूप प्राप्त की तथा नतमस्तक होकर गणेश जी एवं वेद भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। उत्सव को गति प्रदान करने में सीताराम अग्रवाल, पवन सारस्वत, राकेश वार्ष्णेय, कमल कुमार, त्रिलोकीनाथ अग्रवाल, मनोज शर्मा, देव स्वरूप शर्मा, सत्येंद्र स्वरूप शर्मा, ज्ञानेश अग्रवाल, शिवकुमार, माता जी आंचल जैन सहित अन्य भक्तजनों ने संगीतमय भजनों के माध्यम से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर श्री वेद भगवान के अध्यक्ष एवं महोत्सव सभापति ने सभी भक्तजनों का नतमस्तक होकर आभार व्यक्त किया। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। श्री वेद भगवान की जय, दाऊजी महाराज की जय, रेवती मैया की जय, धर्म की जय हो-अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो, पार्वती पतये हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। सुबह करीब 9 बजे देव छठ उत्सव का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page