
हाथरस 18 जुलाई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत सदर तहसील हाथरस के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति के चेक वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में संदीप कुमार, पुत्र सोरन सिंह, निवासी सूरजपुर लाखनू, हाथरस को ऑटो ट्रैवल सर्विस (ई-रिक्शा) के लिए 4 लाख 35 हजार रुपये तथा शिव सिंह, पुत्र विजय सिंह, निवासी नगला भोजा, आगरा रोड, हाथरस को टेंट हाउस सर्विस स्थापित करने के लिए 5 लाख रुपये का ऋण स्वीकृति चेक बैंक ऑफ बड़ौदा के माध्यम से प्रदान किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र युवाओं को योजना से जोड़ने के लिए सक्रिय प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए, जिससे जनपद में रोजगार के अवसर बढ़ें और विकास को नई गति मिले। कार्यक्रम में जिला उद्योग एवं उद्यमिता विकास केंद्र की सहायक आयुक्त पूजा सिंह, सीएम फेलो शोयब खान सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101










