
हाथरस 19 नवंबर। दुष्कर्म एवं पॉक्सो अधिनियम से संबंधित एक मामले में न्यायालय ने अभियुक्त को 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही न्यायालय ने दोषी पर 18 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। यह फैसला आज को सुनाया गया। पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली नगर हाथरस में वर्ष 2019 में मु0अ0सं0 045/2019 के तहत अभियुक्त महिपाल पुत्र सूरजपाल निवासी सिरसावदन, थाना मरहरा, जनपद एटा के विरुद्ध धारा 363, 366, 376 आईपीसी एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना पुलिस द्वारा तत्परता एवं गुणवत्ता के साथ पूरी करते हुए अभियुक्त के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया गया था।
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत गंभीर अपराधों में अभियुक्तों को सजा दिलाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देशन में मामले की प्रभावी पैरवी की गई। इसके लिए मॉनिटरिंग सेल जनपद हाथरस को जिम्मेदारी सौंपी गई। न्यायालय में विचारण के दौरान मॉनिटरिंग सेल ने निकट पर्यवेक्षण में समुचित पैरवी की, वहीं अभियोजन शाखा ने भी प्रभावी तरीके से अपना पक्ष रखा। पुलिस और अभियोजन की प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप माननीय न्यायालय हाथरस ने अभियुक्त महिपाल को दुष्कर्म एवं पॉक्सो अधिनियम से संबंधित मामले में दोषी ठहराते हुए 20 वर्ष के कठोर कारावास और 18 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। हाथरस पुलिस ने इस फैसले को ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत गंभीर अपराधों में प्रभावी पैरवी के परिणाम के रूप में बताया है।










