Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ  28 जून । कोतवाली क्षेत्र के हरनामपुर निवासी एक व्यक्ति ने आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) माल सप्लाई के नाम पर पांच लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कोतवाली सिकंदराराऊ में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित का आरोप है कि पूरी रकम लेने के बावजूद न तो माल की आपूर्ति की गई और न ही रुपये वापस किए गए। पैसे मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पुलिस को दी गई तहरीर में हरनामपुर निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि उनकी मुलाकात अमित कुमार सिंह उर्फ डब्बू, निवासी गांव डंडेश्वरी, वर्तमान पता हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेक्टर-55, बल्लभगढ़ (फरीदाबाद, हरियाणा) से हुई थी। दोनों के बीच आरएमसी माल की सप्लाई का सौदा पांच लाख रुपये में तय हुआ। पीड़ित के अनुसार, आरोपी के कहने पर उसने अलग-अलग माध्यमों से उसके बैंक खाते में पूरी धनराशि स्थानांतरित कर दी। आरोप है कि भुगतान मिलने के बाद आरोपी ने पहले सुबह और फिर शाम तक माल पहुंचाने का आश्वासन दिया, लेकिन माल की आपूर्ति नहीं की। प्रदीप कुमार का कहना है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे मांगने पर आरोपी फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करता है और जान से मारने की धमकी भी दिलवा रहा है। पीड़ित ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करते हुए अपनी धनराशि वापस दिलाने और आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page