हाथरस 02 अगस्त। ब्रह्माकुमारीज आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र के संचालक रहे कैप्टन अहसान सिंह के चतुर्थ स्मृति दिवस के अवसर पर अलीगढ़ रोड स्थित सहज राजयोग प्रशिक्षण केंद्र पर श्रद्धांजलि एवं स्मृति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, ब्रह्माकुमारीज संस्था से जुड़े पदाधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने कैप्टन अहसान सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पं. आशीष शर्मा, भूतपूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष सूबेदार महीपाल सिंह, सूबेदार ओमप्रकाश, कैप्टन एससी तिवारी, कैप्टन चंद्रपाल सिंह, हवलदार गंभीर सिंह, हवलदार देवेंद्र पाल सिंह, हवलदार सुधीर सिंह, नायक लाल बहादुर, हवलदार रामनिवास, नायब सूबेदार उदयवीर सिंह, सूबेदार तेज सिंह, हवलदार अशोक कुमार, हवलदार साहब सिंह एवं पूर्व वायुसेना अधिकारी रमेश चंद्र दीक्षित सहित अन्य लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष सूबेदार महीपाल सिंह ने कैप्टन अहसान सिंह के देश के प्रति योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना सब कुछ देश के लिए न्योछावर कर दिया। उनका जीवन देशसेवा, अनुशासन और समर्पण की प्रेरणा देता है।
श्रद्धांजलि नहीं, मार्गदर्शन और संकल्प सभा है : आशीष शर्मा
पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पं. आशीष शर्मा ने कहा कि यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि सभा नहीं, बल्कि मार्गदर्शन और संकल्प सभा है। कैप्टन अहसान सिंह का जीवन आने वाली पीढ़ियों को देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता रहेगा। कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारीज इगलास केंद्र की संचालिका बीके हेमलता बहिन सहित अन्य वक्ताओं ने कैप्टन अहसान सिंह से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और उनके व्यक्तित्व एवं सेवाभाव को याद किया। कार्यक्रम में बीके मीना बहिन द्वारा गाइडेड कमेंट्री के माध्यम से उपस्थित लोगों को राजयोग का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कैप्टन अहसान सिंह के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने तथा देश एवं समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।











