
हाथरस 08 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और पार्टी के अभियानों एवं कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए क्षेत्र एवं मोर्चा प्रभारियों की नई सूची जारी की है। हाथरस के ब्रज बहादुर भारद्वाज और यतेंद्र शर्मा को संगठन ने अहम जिम्मेदारी दी है। नई नियुक्तियों के बाद संगठनात्मक स्तर पर गतिविधियों को और तेज करने की उम्मीद है। पार्टी कार्यकर्ताओं में भी इसे लेकर उत्साह है।
जारी सूची के अनुसार प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल को अवध क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। वहीं रामप्रताप सिंह चौहान को पश्चिम, गीता शाक्य को ब्रज, शंकर लोधी को कानपुर, रमेश सिंह को काशी तथा अभिजात मिश्रा को गोरखपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मोर्चा स्तर पर भी पार्टी ने प्रभारियों की नियुक्ति की है। राजेश चौधरी को युवा मोर्चा, संजय राय को पिछड़ा मोर्चा, डॉ. धर्मेंद्र सिंह को अनुसूचित मोर्चा, कामेश्वर सिंह को महिला मोर्चा तथा डॉ. प्रियंका रावत को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा देवेश कोरी को अल्पसंख्यक मोर्चा और शंकर गिरी को किसान मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई है। संगठन में अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं। गोविंद नारायण शुक्ला को मुख्यालय प्रभारी बनाया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर को विस्तारक योजना का संयोजक, प्रदेश मंत्री यतेंद्र शर्मा शर्मा को मीडिया प्रभारी, अर्चना मिश्रा को ‘मन की बात’ का संयोजक और राहुल वाल्मीकि को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा की ओर से की गई इन नियुक्तियों को संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी अभियानों एवं कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






