हाथरस 27 जुलाई। सावन कृपाल रूहानी मिशन के बैनर तले आज जनपद की तीनों शाखाओं—कृपाल आश्रम गौशाला मार्ग (हाथरस), कृपाल आश्रम ग्राम पिच्छोंती (हसायन) एवं राजिंदर आश्रम ग्राम वीर नगर (सासनी) में परम संत मुर्शिदे आजम हुजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज का 168वां पावन प्रकाश उत्सव श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शाखा हाथरस में सत्संग महोत्सव के तीसरे दिन प्रातः एवं सायंकाल दोनों पालियों में सत्संग का आयोजन हुआ। मथुरा से पधारे प्रीचर सत्यप्रकाश शर्मा ने “मानव जीवन में नाम का महत्व” विषय पर प्रवचन देते हुए कहा कि जब किसी व्यक्ति को पूर्ण सतगुरु की शरण प्राप्त होती है तो उस पर परमात्मा की विशेष कृपा होती है। पूर्ण गुरु से मिलने वाली नाम की अनमोल दात मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाती है और उसका जीवन दया, प्रेम, करुणा, निष्काम सेवा तथा प्रभु भक्ति से परिपूर्ण हो जाता है।
सत्संग के समापन पर वीरेंद्र अग्रवाल (मुन्ना) एवं उनकी टीम ने मधुर संगीत के साथ रूहानी गजल “ऐसा क्या काम किया हमने तेरा, जो मेरा हाथ तुमने थाम लिया…” प्रस्तुत की। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति से पूरा सत्संग हॉल भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। प्रकाश उत्सव के अवसर पर मिशन की तीनों शाखाओं में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं गुरु महाराज की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रत्येक शाखा में कम से कम तीन फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। उपस्थित संगत ने सेवा और समर्पण भाव से पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं एवं संगत को प्रेमपूर्वक लंगर प्रसाद वितरित किया गया।










