Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सासनी 13 नवंबर। अलीगढ़ से सुबह लापता हुआ सात वर्षीय मानसिक रूप से कमजोर बालक भटकते हुए देर शाम सासनी पहुंच गया। आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अकेले घूम रहे बालक को पुलिस ने सुरक्षित अपनी सुपुर्दगी में लिया। इसके बाद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सोशल मीडिया की मदद से उसके परिजनों का पता लगाकर बालक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे हनुमान चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार पुलिसकर्मी दीपांशु और आशीष चौधरी के साथ आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर करीब सात वर्षीय बालक पर पड़ी, जो हाईवे पर अकेला घूम रहा था। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिसकर्मी बालक को हनुमान चौकी ले आए। पुलिस ने बालक से उसका नाम और पता जानने का प्रयास किया, लेकिन मानसिक रूप से कमजोर होने के कारण वह अपना परिचय नहीं बता सका। इसके बाद चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार ने हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बालक अलीगढ़ की ओर से पैदल आता हुआ दिखाई दिया।

पुलिस ने बालक की फोटो आसपास के थानों और सोशल मीडिया पर साझा की। इसके बाद मिली जानकारी के आधार पर अलीगढ़ के थाना बन्नादेवी क्षेत्र की फल मंडी निवासी दिलशाद हनुमान चौकी पहुंचे। उन्होंने बालक की पहचान अपने बेटे इरशाद के रूप में की। पिता दिलशाद ने बताया कि उनका सात वर्षीय बेटा इरशाद बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे घर से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने दिनभर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। बालक अलीगढ़ से सासनी तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी परिवार को भी नहीं है। पुलिस ने आवश्यक जानकारी और पहचान की पुष्टि करने के बाद बालक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से परिवार को उनका बिछड़ा बेटा वापस मिल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page