हाथरस 22 सितम्बर। सीबीएसई बोर्ड द्वारा विद्यालयों में शिक्षण की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लगातार शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सीबीएसई के दिल्ली स्थित उत्कृष्टता केंद्र की ओर से दिल्ली स्थित आधारशिला विद्यापीठ में गणित शिक्षकों के लिए ‘आनंदमय गणित (Joyful Mathematics)’ विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला के लिए हाथरस जिले के शिक्षाविद एवं गणितज्ञ विक्रम सिंह को रिसोर्स पर्सन नियुक्त किया गया। शिक्षाशास्त्री विक्रम सिंह ने सीबीएसई के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार शिक्षकों को विभिन्न आधुनिक एवं प्रभावी शिक्षण विधियों के बारे में प्रशिक्षण दिया। कार्यशाला में विषय को कंप्यूटर स्लाइड्स के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, वहीं प्रशिक्षण को रुचिकर और प्रभावी बनाने के लिए ऑडियो एवं वीडियो क्लिप का भी प्रयोग किया गया। दो दिवसीय प्रशिक्षण को 12 उपविषयों में विभाजित कर गणित शिक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं को विस्तार से समझाया गया।
कार्यशाला में गणित शिक्षण के दौरान आने वाली कठिनाइयों एवं शिक्षकों के सामने आने वाली चुनौतियों के साथ उनके समाधान के सुझावों पर चर्चा की गई। इसके अलावा गणित की विभिन्न शिक्षण विधियों, ब्लूम वर्गीकरण, मूल्यांकन की आधुनिक विधियों, पाठ योजना तैयार करने एवं उसे प्रभावी बनाने के तरीकों पर भी प्रशिक्षण दिया गया। गणित शिक्षण को सरल और प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक कंप्यूटरीकृत संसाधनों के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि विकसित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों और पाठ योजनाओं पर भी गहन विमर्श किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान गणित शिक्षण में उपयोगी आधुनिक ऐप एवं वेबसाइटों की जानकारी भी दी गई। सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाओं में पूछे जाने वाले विभिन्न प्रकार के प्रश्नों तथा उनके उचित एवं प्रभावी उत्तर लिखने के तरीकों पर भी चर्चा हुई। साथ ही भारत सरकार की राष्ट्रीय शिक्षा नीति, मूल्यांकन प्रक्रिया और उसमें हुए बदलावों के बारे में शिक्षकों को जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बेहतर ढंग से समझने और उनकी सीखने की क्षमता के अनुरूप शिक्षण करने के लिए विभिन्न विधियों पर भी सुझाव दिए गए। कार्यशाला में सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। विद्यालय की समस्त गणित शिक्षिकाओं ने भी पूर्ण ऊर्जा और उत्साह के साथ प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया। कार्यशाला के समापन पर विक्रम सिंह ने सीबीएसई के इस प्रयास को शिक्षकों एवं विद्यार्थियों दोनों के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से शिक्षकों को आधुनिक एवं प्रभावी शिक्षण तकनीकों की जानकारी मिलेगी, जिससे विद्यार्थियों के सीखने की प्रक्रिया को भी बेहतर दिशा मिल सकेगी।









