
हाथरस 13 जुलाई । विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर जनपद के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 14 जुलाई 2026 को प्रातः 11 बजे से बागला इंटर कॉलेज में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला समन्वयक, जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई हाथरस रोहिताश सिंह ने बताया कि मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई उत्तीर्ण, कौशल विकास एवं डीडीयू-जीकेवाई के तहत प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं सहित अन्य बेरोजगार युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं। रोजगार मेले में सर्विस सेक्टर, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की निजी कंपनियां तथा जनपद के औद्योगिक प्रतिष्ठान साक्षात्कार के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन करेंगे। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जीरो पॉवर्टी परिवारों के सदस्य, दिव्यांगजन तथा एनआरएलएम समूह से जुड़े परिवारों के सदस्य भी इसमें प्रतिभाग कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा, सभी शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति, आधार कार्ड एवं तीन पासपोर्ट आकार के फोटो लाना अनिवार्य होगा। रोजगार मेले में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। जिला समन्वयक ने जनपद के अधिक से अधिक पात्र युवक-युवतियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर सेवायोजन विभागद्वारा उपलब्ध कराए जा रहे रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।









