
हाथरस 28 नवम्बर । कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के बरवाना चौराहे के निकट शनिवार देर शाम एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर चले गए।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव केशोपुर निवासी अतर सिंह (50) बेलदारी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। इन दिनों वह नगला मोती में बेलदारी का काम कर रहा था। उसके साथ गांव का ही रिश्तेदार राजवीर सिंह राजमिस्त्री का काम कर रहा था। शनिवार को काम समाप्त करने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव केशोपुर लौट रहे थे। रास्ते में बरवाना चौराहे के निकट उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में अतर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि राजवीर सिंह को भी चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। गंभीर रूप से घायल अतर सिंह को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। अतर सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गया है। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर चले गए। इस संबंध में थाना हाथरस जंक्शन प्रभारी नित्यानंद पांडेय ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। घटना की जानकारी की जा रही है।







