
हाथरस 27 नवंबर। राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के क्षेत्रीय सम्मेलन के क्रम में राष्ट्रीय जल जीवन मिशन तथा हरियाणा की टीम ने सुल्तानपुर पेयजल योजना का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीण पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, योजना के संचालन एवं रखरखाव, जल गुणवत्ता परीक्षण और सामुदायिक सहभागिता से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य ग्रामीणों तक नियमित एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही योजना के दीर्घकालिक संचालन में ग्रामीणों की भागीदारी को समझना रहा। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने पंप हाउस का निरीक्षण किया और फील्ड टेस्टिंग किट (एफटीके) के माध्यम से पानी की गुणवत्ता जांचने की प्रक्रिया की जानकारी ली। टीम ने वर्षा जल संचयन की व्यवस्था, गांव में प्रतिदिन होने वाली जलापूर्ति, पानी आने के निर्धारित समय और आपूर्ति की नियमितता के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने गांव में घर-घर पहुंचकर नल कनेक्शनों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर पेयजल की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। साथ ही पानी की टंकी की नियमित सफाई, सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर चर्चा की।
इस दौरान स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी महिलाओं से भी बातचीत की गई। अधिकारियों ने एफटीके के माध्यम से जल गुणवत्ता परीक्षण के लिए महिलाओं को दिए गए प्रशिक्षण और प्रशिक्षण के बाद उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों ने सामुदायिक स्तर पर जल गुणवत्ता की निगरानी में महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और ग्रामीणों से पेयजल से जुड़ी परिसंपत्तियों को अपनी सामुदायिक संपत्ति समझकर उनके संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। गांव में आयोजित जल अर्पण कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने जल संरक्षण और पेयजल व्यवस्था के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की शपथ ली। जल प्रभातफेरी और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छ पेयजल एवं जल संरक्षण का संदेश देने वाले बच्चों को राष्ट्रीय जल जीवन मिशन (एनजेजेएम) की डिप्टी डायरेक्टर कृतिका कुलहरि ने प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कृतिका कुलहरि ने ग्रामीणों से अपील की कि जल जीवन मिशन के तहत उपलब्ध कराए गए नल कनेक्शन से मिलने वाले पानी का उपयोग पीने और भोजन बनाने के लिए करें। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति योजना केवल सरकार की संपत्ति नहीं, बल्कि पूरे गांव की साझा जिम्मेदारी है। ग्रामीणों को पानी की गुणवत्ता, टंकी की स्वच्छता, नियमित जलापूर्ति और योजना से जुड़ी परिसंपत्तियों के रखरखाव एवं संरक्षण में स्वयं आगे आकर भागीदारी निभानी चाहिए। कार्यक्रम के समापन पर जल अर्पण की भावना के साथ पेयजल आपूर्ति योजना औपचारिक रूप से ग्रामवासियों को हस्तांतरित की गई। इसका उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को योजना के संचालन, रखरखाव और संरक्षण में सहभागी बनाना है, ताकि पेयजल व्यवस्था लंबे समय तक सुचारु रूप से संचालित होती रहे। भ्रमण के दौरान उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के मुख्य अभियंता आरबी राम, भारत सरकार के अंडर सेक्रेटरी राज किशोर सिंह एवं मनोज झा तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय (MoRD) के पीओ गौरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









