
हाथरस 27 नवंबर। आगरा में 26 एवं 27 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय जल जीवन मिशन (JJM 2.0) क्षेत्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधिमंडलों के लिए क्षेत्रीय भ्रमण का आयोजन किया गया। इसी क्रम में राष्ट्रीय जल जीवन मिशन और उत्तराखंड की टीम ने की नगला बाबू पेयजल योजना का भ्रमण कर योजना की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान राष्ट्रीय जल जीवन मिशन (एनजेजेएम) के अपर सचिव एवं मिशन निदेशक कमल किशोर सोन, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह तथा पेयजल एवं स्वच्छता मिशन उत्तराखंड के सचिव रणवीर सिंह चौहान सहित अधिकारियों की टीम नगला बाबू पहुंची। यहां जलार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों ने संचालित पेयजल योजना का निरीक्षण किया और फील्ड टेस्ट किट (FTK) से जल गुणवत्ता की जांच करने वाली महिलाओं से बातचीत की। टीम ने स्थानीय ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया तथा घरों का भ्रमण कर पेयजल योजना से आपूर्ति किए जा रहे शुद्ध पानी को भी पिया।
इस अवसर पर कमल किशोर सोन ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पेयजल योजनाओं ने ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था, जब राजस्थान के कई घरों में पानी की कमी के कारण लोग बर्तन तक नहीं मांज पाते थे और जूठे बर्तनों को राख से साफ किया जाता था, लेकिन अब परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। केंद्र सरकार की पेयजल योजना ने विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों के जीवन में बड़ा परिवर्तन किया है। अब महिलाओं को पानी के लिए मीलों का सफर तय नहीं करना पड़ता। उन्होंने कहा कि ये पेयजल योजनाएं कम से कम 25 से 30 वर्षों तक बेहतर तरीके से संचालित हो सकती हैं, लेकिन इसके लिए गांव के लोगों का सहयोग और सहभागिता जरूरी है। कार्यक्रम में ग्रामीणों को जल संचयन और जल संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई। शुद्ध पेयजल के उपयोग और संरक्षण के लिए उपस्थित लोगों को जल शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान जागरूकता के उद्देश्य से लघु नाटक का आयोजन किया गया। भारत सरकार और उत्तराखंड से आए प्रतिनिधियों को प्रसिद्ध ओडीओपी उत्पाद हींग को उपहार स्वरूप भेंट किया गया। भ्रमण के दौरान उत्तराखंड से आई टीम ने नगला बाबू की सोलर आधारित पेयजल परियोजना, ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम और आगामी 10 वर्षों के लिए निर्धारित संचालन एवं अनुरक्षण व्यवस्था की सराहना की। अधिकारियों ने नगला बाबू प्राथमिक विद्यालय-1 का भी भ्रमण किया। यहां पेयजल गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एफटीके के माध्यम से प्रत्येक सप्ताह पानी की गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए गए।









