सिकंदराराऊ 27 नवंबर। गांव गढ़िया इकबालपुर के निकट जीटी रोड पर टैंकर चालक की कथित लापरवाही के चलते भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक टैंकर के पिछले हिस्से में बने गार्ड सपोर्ट में फंस गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, दिनेश पुत्र सत्यप्रकाश उम्र 35 वर्ष और राजेंद्र पुत्र देवेंद्र उम्र 57 वर्ष निवासी गांव दोहरे, थाना अकराबाद, जनपद अलीगढ़ बाइक से एटा जा रहे थे। दोनों अपने भतीजे डंबर सिंह को देखने के लिए एटा अस्पताल जा रहे थे, जहां वह भर्ती है। बताया गया है कि दोनों अपने साथ भतीजे के लिए दूध और खाने-पीने की सामग्री भी लेकर जा रहे थे।
बताया जाता है कि जैसे ही उनकी बाइक गांव गढ़िया इकबालपुर के निकट पहुंची, तभी अलीगढ़ की ओर से आ रहा एक टैंकर चालक जीटी रोड पर टैंकर को मोड़कर पुल से नीचे उतार रहा था। आरोप है कि इस दौरान चालक ने पीछे की ओर ध्यान दिए बिना टैंकर को पीछे कर दिया। इसी बीच पीछे से आ रहे बाइक सवार टैंकर से टकरा गए। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े और उनकी बाइक टैंकर के पिछले हिस्से में फंस गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची इलाका पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को निगरानी में भर्ती कर लिया। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल उनकी स्थिति में सुधार बताया गया है। स्वास्थ्य में किसी प्रकार की गंभीर समस्या सामने आने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया जा सकता है।









