
हाथरस 27 नवंबर। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित शुक्रवार परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। इस दौरान उन्होंने परेड में शामिल पुलिसकर्मियों का टर्नआउट चेक किया तथा वर्दी की स्वच्छता, अनुशासन और एकरूपता बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से फिट रखने के उद्देश्य से दौड़ लगवाई गई और टोलीवार ड्रिल भी कराई गई। आगामी निर्वाचन के दृष्टिगत एसपी ने परेड में शामिल आरक्षियों एवं मुख्य आरक्षियों को अपनी-अपनी बीट में स्थित मतदान केंद्रों का भ्रमण कर भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त करें और किसी भी कमी या समस्या से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएं। साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क दृष्टि बनाए रखने और कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, निष्पक्षता एवं तत्परता से करने के निर्देश दिए।
परेड निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने डायल-112 के दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की साफ-सफाई, घटनास्थल किट, हूटर और अन्य आवश्यक उपकरणों को चेक किया तथा उनके उचित रखरखाव के लिए प्रभारी डायल-112 को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही परेड में मौजूद ड्रोन कैमरा एवं डॉग स्क्वॉड के उपकरणों का निरीक्षण कर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद एसपी ने क्वार्टर गार्द का निरीक्षण किया, जहां तैनात गार्द ने उन्हें सलामी दी। उन्होंने क्वार्टर गार्द में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए स्टोर मोहर्रिर और प्रतिसार निरीक्षक को निर्देशित किया। तत्पश्चात पुलिस लाइन स्थित आदेश कक्ष में अर्दली रूम के दौरान विभिन्न शाखाओं एवं गार्दों के रजिस्टरों और निरीक्षण पुस्तिकाओं का अवलोकन किया। उन्होंने जनपद में तैनात गार्दों को समय-समय पर चेक करने और निरीक्षण पुस्तिका में उसका विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस लाइन परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर दुष्यन्त सिंह, प्रतिसार निरीक्षक राजकुमार सिंह सहित जनपद के विभिन्न थानों, कार्यालयों एवं पुलिस लाइन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।









