
हाथरस 27 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जनपद में 28 और 29 नवंबर को विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं के नाम शामिल करना है। इसके लिए जनपद के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 78-हाथरस (अजा), 79-सादाबाद और 80-सिकंदराराऊ में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। अभियान के माध्यम से निर्वाचन आयोग के ‘कोई मतदाता न छूटे’ उद्देश्य को साकार करने का प्रयास किया जाएगा। जिलाधिकारी के अनुसार 28 और 29 नवंबर को जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। सभी बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फार्म-6 और 17 नवंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी, जहां मतदाताओं को आवेदन भरने में सहायता मिलेगी। इस कार्य में सभासदों, ग्राम प्रधानों एवं वॉलंटियर्स से भी नियमानुसार सहयोग लेने की अपेक्षा की गई है।
मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के इच्छुक पात्र नागरिकों को विशेष कैंप में अपनी अद्यतन फोटो, जन्मतिथि एवं निवास से संबंधित दस्तावेजों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां लेकर पहुंचना होगा। यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपिक) नंबर उपलब्ध है तो उसे भी साथ लाने की सलाह दी गई है। जिन नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे अपने मतदान केंद्र पर बीएलओ से फार्म-6 प्राप्त कर आवेदन कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त तहसील कार्यालयों में स्थापित मतदाता पंजीकरण केंद्र और जिला निर्वाचन कार्यालय से भी आवेदन फार्म प्राप्त किए जा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके लिए नागरिक निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप अथवा voters.eci.gov.in वेबसाइट के माध्यम से फार्म-6 (नाम शामिल कराने), फार्म-7 (नाम अपमार्जित कराने) और फार्म-8 (मतदाता विवरण में संशोधन) के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों से निर्धारित विशेष कैंप में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है।










