
हाथरस 27 नवंबर। श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, में शिक्षक संघ की नवनिर्वाचित इकाई का गठन किया गया। शिक्षक संघ के चुनाव में महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नई कार्यकारिणी का निर्वाचन किया। चुनाव में प्रो. अंजू आर्या को अध्यक्ष तथा डॉ. रेनू सिंह को सचिव चुना गया। वहीं डॉ. जगदीश कुमार को उपाध्यक्ष, नेहा यादव को संयुक्त सचिव और रेशमा देवी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजु वर्मा एवं चुनाव अधिकारी डॉ. लीना चौहान ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी शिक्षक हितों के संरक्षण और महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं संगठनात्मक विकास में सक्रिय भूमिका निभाएगी। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के गठन पर महाविद्यालय में हर्ष का माहौल रहा।









