सादाबाद 26 नवंबर। क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं को शुक्रवार, 27 नवंबर को बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। जैतई रोड स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र से पोषित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पिपरामई एवं ऐदलपुर की बिजली आपूर्ति सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बाधित रहेगी। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के विद्युत वितरण खंड सादाबाद के अधिशासी अभियंता अमित कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) द्वारा 27 नवंबर को 33 केवी लाइन निर्माण का कार्य कराया जाएगा। इसी कार्य के दृष्टिगत पिपरामई और ऐदलपुर विद्युत उपकेंद्रों की आपूर्ति निर्धारित समय तक बंद रखी जाएगी।
अधिशासी अभियंता ने विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली कटौती को ध्यान में रखते हुए अपने जरूरी कार्य पहले ही निपटा लें। विभाग ने इस दौरान होने वाली असुविधा के लिए उपभोक्ताओं से खेद व्यक्त किया है।










