
हाथरस 25 नवंबर। गांव भदामई में शौचालय जाने के सामूहिक रास्ते को रोकने को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान बड़े भाई और उनके परिवार के सदस्यों ने छोटे भाई के साथ मारपीट की। डंडे के वार से उसके हाथ में चोट आई। बागला जिला अस्पताल में कराए गए एक्स-रे में हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि होने की बात सामने आई है। पीड़ित की शिकायत पर न्यायालय के आदेश से मुकदमा दर्ज किया गया है। गांव भदामई निवासी प्रेमपाल सिंह पुत्र महीपाल सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर थाना हाथरस जंक्शन पुलिस को मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने के आदेश देने की मांग की थी। प्रार्थना पत्र के अनुसार, उनके बड़े भाई वीरपाल ने शौचालय जाने वाले रास्ते को रोक दिया था। पीड़ित का दावा है कि यह रास्ता सभी स्वजन के सामूहिक उपयोग के लिए है।
आरोप है कि जब प्रेमपाल ने बड़े भाई से विनम्रता से रास्ता रोकने के संबंध में पूछा तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर वीरपाल, उनकी पत्नी सुनीता, पुत्री माधुरी और पुत्र तनिष्क कुमार व भुवनेश कुमार ने एकराय होकर प्रेमपाल के साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान वीरपाल के कहने पर तनिष्क ने डंडे से प्रहार किया, जिससे प्रेमपाल के दाहिने हाथ में चोट और सूजन आ गई। शोर सुनकर गांव के प्रेमशंकर, रामगोपाल सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। पीड़ित के अनुसार, आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी भी दे गए। प्रेमपाल का आरोप है कि घटना के बाद थाने में शिकायत देने के बावजूद उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई और न ही मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल और पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत भेजी। पीड़ित के मुताबिक, बागला जिला अस्पताल में एक्स-रे कराने पर उनके हाथ में फ्रैक्चर पाया गया। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। अब कोर्ट के आदेश पर मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।









