सादाबाद (सहपऊ) 25 नवंबर। बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहपऊ पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 54 गर्भवती महिलाओं ने स्वास्थ्य जांच के लिए पंजीकरण कराया। इनमें से 44 गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए भेजा गया। सीएचसी प्रभारी अधीक्षक डॉ. प्रकाश मोहन ने बताया कि पंजीकरण कराने वाली महिलाओं में 6 महिलाएं ऐसी थीं, जिन्होंने पहली बार गर्भधारण किया है। जांच के दौरान 3 गर्भवती महिलाओं में खून की कमी पाई गई, जबकि 5 महिलाएं उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) की श्रेणी में मिलीं।
उन्होंने बताया कि खून की कमी और उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था से गुजर रही महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उन्हें अच्छे चिकित्सक की देखरेख में रहने, पौष्टिक खानपान पर विशेष ध्यान देने और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल सीएचसी पहुंचकर जांच कराने के लिए कहा गया। इस दौरान डॉ. ऋतु गुप्ता, डॉ. आशा मितरा, डॉ. आनिन्दता मजूमदार, सीमा, चंचल पाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।










