
हाथरस 25 नवंबर। आगामी 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों का निस्तारण सुनिश्चित कराने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को अपर जनपद न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी प्रशांत कुमार की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में न्यायालयों द्वारा जारी सम्मन, नोटिस और आदेशिकाओं की समय से तामील कराने के साथ ही विभिन्न विभागों के लंबित मामलों को चिह्नित कर उनके निस्तारण पर जोर दिया गया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के आदेश तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विनय कुमार-तृतीय के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी भी उपस्थित रहीं। बैठक में अपर जनपद न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी प्रशांत कुमार ने अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रकाश चंद्र से राजस्व एवं अन्य विभागों के अधिक से अधिक वादों को चिह्नित करने तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से उनका निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद प्रसाद कुशवाह से राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए न्यायालयों द्वारा जारी किए जाने वाले सम्मन, नोटिस और अन्य आदेशिकाओं की पर्याप्त तामील कराने के संबंध में चर्चा की गई। उन्होंने तामील की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित सम्मन, नोटिस एवं आदेशिकाओं को नियमित रूप से संबंधित न्यायालयों में वापस भिजवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपेक्षा की। इसके अलावा विद्युत विभाग के नोडल अधिकारी लवकुमार एवं अधिशासी अभियंता संदीप सिंह को विद्युत विभाग से संबंधित प्रिलिटिगेशन मामलों तथा विद्युत अधिनियम के अंतर्गत अधिक से अधिक वादों को चिह्नित करने और उनका निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कराने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे वादकारियों को त्वरित एवं सुलभ न्याय मिल सके। राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 दिसंबर को किया जाएगा। इसमें राजस्व, विद्युत सहित विभिन्न श्रेणियों के मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।










