सासनी : नीमा जिला हाथरस शाखा का वार्षिक चुनाव संपन्न, डॉ. वीरेंद्र कुमार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित
सासनी 22 नवंबर। नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) की जिला हाथरस शाखा का वार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव में डॉ. वीरेंद्र कुमार को निर्विरोध अध्यक्ष, डॉ. धर्मेंद्र को सचिव तथा डॉ. अखिलेश कोषाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव अधिकारी डॉ. लोकेश शर्मा ने निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के नामों की आधिकारिक घोषणा की। चनाव अधिकारी डॉ. लोकेश शर्मा ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए डॉ. वीरेंद्र कुमार और डॉ. सुनीता ने नामांकन पत्र खरीदे थे। जांच के दौरान डॉ. सुनीता का नामांकन पत्र त्रुटिपूर्ण पाए जाने पर निरस्त कर दिया गया, जिसके बाद डॉ. वीरेंद्र कुमार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए।
इसी प्रकार सचिव पद के लिए डॉ. चंद्र प्रकाश और डॉ. धर्मेंद्र ने नामांकन दाखिल किया था। जांच में डॉ. चंद्र प्रकाश का नामांकन पत्र अपूर्ण एवं त्रुटिपूर्ण पाए जाने पर निरस्त कर दिया गया, जबकि डॉ. धर्मेंद्र का नामांकन सही पाए जाने पर उन्हें निर्विरोध सचिव निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं, कोषाध्यक्ष पद के लिए डॉ. अखिलेश का एकल नामांकन प्राप्त हुआ, जिसके बाद उपस्थित सदस्यों की सर्वसम्मति से उन्हें कोषाध्यक्ष चुना गया। चुनाव संपन्न होने के बाद एसोसिएशन के सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। इस दौरान सभी सदस्यों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा चिकित्सकों के हितों के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।









