Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 नवंबर। अलीगढ़ रोड स्थित बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में रविवार को वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मशहूर धारावाहिक रामायण में भगवान श्रीराम का किरदार निभाने वाले प्रख्यात अभिनेता अरुण गोविल शामिल हुए। उनके पहुंचने पर विद्यार्थियों और मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

समारोह के दौरान स्कूल के होनहार एवं टॉपर विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही पूरे वर्ष विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अरुण गोविल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि रामायण केवल एक ग्रंथ नहीं है, बल्कि यह हमें जीवन जीने की कला भी सिखाती है। रामायण से हमें सीखने को मिलता है कि जीवन में अपने रिश्तों को किस तरह निभाना चाहिए। चाहे भाई-भाई का रिश्ता हो, पति-पत्नी का, पिता-पुत्र का या फिर दोस्ती का, हर रिश्ते की अपनी अहमियत है। अपने संबोधन के दौरान अरुण गोविल ने रामायण धारावाहिक का प्रसिद्ध संवाद भी सुनाया। उनके संवाद सुनते ही कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और लोगों ने जय श्रीराम के नारे लगाए।

‘हमारा हाथरस’ से बातचीत के दौरान अरुण गोविल ने हाथरस से अपने विशेष लगाव का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी ग्रेजुएशन मथुरा के बीएसए कॉलेज से की थी। पढ़ाई के दौरान उनका कई बार हाथरस आना हुआ, जिसके चलते इस शहर से उनकी पुरानी यादें जुड़ी हुई हैं। मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि जन्मभूमि हमारी आस्था का प्रतीक है। कार्यक्रम में अरुण गोविल की मौजूदगी विद्यार्थियों के लिए खास आकर्षण रही। उनके विचारों और प्रेरक संबोधन ने समारोह को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page