Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 नवंबर। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की 417 बेटियों का विवाह हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया गया। इनमें 40 मुस्लिम जोड़े भी शामिल रहे। आपको बतादें योजना के तहत प्रत्येक दुल्हन के बैंक खाते में 64 हजार रुपए दिए जाते हैं। इसके अलावा 21 हजार रुपए की सामग्री उपहार स्वरूप दी जाती है। इसमें चांदी की बिछिया और पायल, ट्रॉली बैग, कुकर, डिनर सेट, श्रृंगारदानी, कपड़े, चुनरी, पेंट-शर्ट या सफारी सूट का कपड़ा, गमछा और पगड़ी शामिल हैं।

जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। भव्य पंडाल में आयोजित समारोह का शुभारंभ विधायक सदर एवं महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, विधान परिषद सदस्य ऋषिपाल सिंह, राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, अपना दल के जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। इस दौरान मंचासीन अतिथियों का बुके भेंटकर स्वागत किया गया।

विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना वर्ष 2017 से निरंतर संचालित है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना के बजट में लगातार वृद्धि करते हुए बेटियों के विवाह के लिए दी जाने वाली आर्थिक सहायता को दोगुना किया है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह की चिंता दूर करने वाली महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बिना किसी संकोच के योजना का लाभ उठाएं, ताकि बेटियों के विवाह के लिए परिवारों को कर्ज न लेना पड़े। योजना के तहत आर्थिक सहायता के साथ गृहस्थी शुरू करने के लिए आवश्यक सामग्री और विवाह पंजीकरण प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया जा रहा है। विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा ने नवविवाहित जोड़ों एवं उनके परिजनों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि योजना के माध्यम से जनपद में अब तक लगभग 6,400 जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पहले आर्थिक तंगी के कारण गरीब परिवारों को बेटियों के विवाह के लिए कर्ज लेना पड़ता था, लेकिन इस योजना से अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है। प्रदेश सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा और विवाह तक विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहयोग कर रही है।

विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह की चिंता कम की है। उन्होंने नवदंपतियों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ संस्कार भी प्रदान करें, जिससे वे सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर परिवार और समाज का नाम रोशन कर सकें। विधान परिषद सदस्य ऋषिपाल सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखमय एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना वर्ष 2017 से संचालित है। पात्र जोड़ों का चयन जनप्रतिनिधियों की संस्तुति के आधार पर किया गया है। प्रशासन का दायित्व है कि लाभार्थियों को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराते हुए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों एवं उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान जिलाधिकारी ने जनसमुदाय से 30 नवंबर तक स्वगणना अभियान के अंतर्गत स्वयं जनगणना प्रपत्र भरने की अपील की। साथ ही विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिक अपना नाम अवश्य जुड़वाएं। इसके लिए 22, 28 एवं 29 नवंबर को मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के विभिन्न विकास खंडों एवं नगरीय क्षेत्रों से कुल 417 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया है, जिनमें 40 मुस्लिम जोड़े शामिल हैं। योजना के अंतर्गत प्रत्येक वधू के बैंक खाते में 64 हजार रुपये की अनुदान राशि अंतरित की जाती है। इसके अतिरिक्त 21 हजार रुपये की धनराशि से चांदी की बिछिया, पायल, ट्रॉली बैग, कुकर, डिनर सेट, श्रृंगारदानी, कपड़े, चुनरी, पेंट-शर्ट अथवा सफारी सूट का कपड़ा, गमछा एवं पगड़ी सहित अन्य उपहार सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। वहीं प्रत्येक जोड़े के विवाह आयोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर 15 हजार रुपये खर्च किए जाते हैं। इस प्रकार प्रत्येक जोड़े के विवाह पर कुल एक लाख रुपये की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लोगों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह रोकथाम, नशामुक्ति तथा स्वगणना अभियान के प्रति जागरूकता की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला विकास अधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page