Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सासनी\हाथरस 21 नवंबर। देव उठनी एकादशी एवं देव दीपावली के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल प्रखंड सासनी के तत्वावधान में मोहल्ला छिपेटी स्थित रामेश्वरम मंदिर में भव्य दीपोत्सव एवं साप्ताहिक सत्संग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सैकड़ों दीप प्रज्वलित किए, जिससे मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर आयोजित सत्संग में विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने देवोत्थान एकादशी और देव दीपावली के आध्यात्मिक एवं पौराणिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार चार माह के शयन के बाद देव जागृत होते हैं, उसी प्रकार समाज को भी अपनी सनातन संस्कृति, धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए सदैव जागरूक एवं संगठित रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया। सत्संग का आयोजन राजू माहौर, साप्ताहिक मिलन प्रमुख द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया। अंत में सामूहिक आरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस मौके पर विहिप प्रखंड अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय, प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा, सह मंत्री सचिन भार्गव, जयपाल सिंह कुशवाहा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर अध्यक्ष शुभम उपाध्याय, आशु ठाकुर, अंकुर जैन, प्रखंड संपर्क प्रमुख, रामवीर माहौर, साप्ताहिक मिलन प्रमुख, बजरंग दल के प्रखंड सह संयोजक अंकित शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page