Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 नवंबर। विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, उसकी प्रस्तावना और मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हाथरस द्वारा शनिवार को संविधान संवाद अभियान के अंतर्गत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। हाथरस के श्री उमेश चन्द्र आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज और सादाबाद इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रमों में न्यायिक अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया और उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों की विस्तार से जानकारी दी। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशों तथा जनपद न्यायाधीश विनय कुमार तृतीय के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी के निर्देशन में हाथरस स्थित श्री उमेश चन्द्र आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सिविल जज (कनिष्ठ प्रभाग) अरिजीत सिंह ने विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया और मौलिक अधिकारों के महत्व को समझाया।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ उसके कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने संवैधानिक अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए और उनका सही उपयोग करना चाहिए। अधिकारों का दुरुपयोग नहीं किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में उन्होंने विद्यालयों में संचालित लीगल लिटरेसी क्लब (विधिक साक्षरता क्लब) को अधिक प्रभावी एवं सक्रिय बनाने की जानकारी भी दी। बताया कि जनपद के शासकीय एवं अशासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में नोडल शिक्षक नामित किए गए हैं। इन शिक्षकों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से न्यायिक अधिकारियों, मध्यस्थों एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ताओं द्वारा संविधान से संबंधित जानकारी दी जा चुकी है। अब ये नोडल शिक्षक विद्यालयों में विद्यार्थियों को संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करेंगे। इस अवसर पर असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल विजय सेंगर ने भी मौलिक अधिकारों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। पराविधिक स्वयंसेवक साहब सिंह एवं रामकुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को उनके संवैधानिक अधिकारों के बारे में बताया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की अध्यापिका प्रीति कश्यप ने किया। अंत में प्रधानाचार्य डॉ. सौरभ जैन ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संविधान का पालन करने और उसके मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसी अभियान के अंतर्गत बाह्य न्यायालय सादाबाद के तत्वावधान में सादाबाद इंटर कॉलेज में भी विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां सिविल जज (कनिष्ठ प्रभाग) नेपाल सिंह ने छात्र-छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई तथा उसमें उल्लिखित शब्दों और मूल्यों का महत्व समझाया। सुबह की प्रार्थना सभा के बाद आयोजित कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी ने विद्यार्थियों को संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यालय स्टाफ ने सहभागिता की। इस दौरान करन चौधरी, जीतपाल सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page