
हाथरस 21 नवंबर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ सेठ पीसी बागला इंटर कॉलेज में आयोजित विशेष कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन करने और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 21 नवंबर को विशेष कैंप आयोजित किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र एवं छूटे हुए नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं और सभी आवेदनों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से पूर्व में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान तैयार की गई अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं की सूची का दोबारा सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस सूची को अंतिम मानकर न चलें, बल्कि प्रत्येक मतदाता की वास्तविक स्थिति जानने के लिए बीएलओ घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी एएसडी सूची का निर्धारित प्रारूप में परीक्षण किया जाए और पात्र मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे। गलत श्रेणी में दर्ज मतदाताओं के मामलों में अभिलेखीय एवं स्थलीय जांच के बाद नियमानुसार सुधार की कार्रवाई की जाए। उन्होंने बीएलओ को मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत आगामी 22 नवंबर तथा 28 और 29 नवंबर को भी विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने युवाओं से अपील की कि जिनकी आयु 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवेदन करें। इसके अलावा 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे भी इस अवसर का लाभ उठाएं। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे निर्धारित विशेष कैंप के दौरान अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची का अवलोकन अवश्य करें। नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में किसी प्रकार के संशोधन या प्रविष्टि में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरकर जमा करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। इसलिए सभी नागरिक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें।










