
हाथरस 20 नवंबर। शहर के तालाब चौराहे पर मथुरा डिपो की रोडवेज बस में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने को लेकर परिचालक और एक यात्री के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने तूल पकड़ लिया और चौराहे पर जमकर हंगामा होने लगा। विवाद के चलते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।
जानकारी के अनुसार, मथुरा डिपो की बस में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठी हुई थीं। इस पर एक यात्री ने विरोध जताया तो परिचालक से उसकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले को बढ़ता देख यात्री ने डायल 112 पर सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इस दौरान रोडवेज बस काफी देर तक चौराहे पर खड़ी रही, जिससे बस में बैठे यात्रियों सहित अन्य राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।







