सिकन्दराराऊ 20 नवंबर। एटा रोड स्थित ग्राम मुगलगढ़ी के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 38 वर्षीय वीरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके चाचा समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गुरुद्वारे के सामने पीछे से आई तेज रफ्तार अज्ञात प्राइवेट बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सिकंदराराऊ पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, गांव पैंदापुर निवासी वीरेंद्र अपनी बड़ी बेटी के लिए रिश्ता देखने अलीगढ़ जा रहे थे। बाइक पर उनके साथ चाचा अमर सिंह (55), गांव के पड़ोसी दीपक (27) और 12 वर्षीय यशपाल भी सवार थे। जैसे ही उनकी बाइक ग्राम मुगलगढ़ी के पास गुरुद्वारे के सामने पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही अज्ञात प्राइवेट बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिर पड़े और बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस का पहिया वीरेंद्र के सिर के ऊपर से निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में अमर सिंह के हाथ की हड्डी टूट गई और उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं। वहीं दीपक और 12 वर्षीय यशपाल भी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और तीनों घायलों को अस्पताल भिजवाया।
बताया गया कि वीरेंद्र पेशे से ट्रक चालक थे और उनके परिवार में दो बेटे व दो बेटियां हैं। वह अपनी बड़ी बेटी के विवाह के लिए रिश्ता देखने अलीगढ़ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। वीरेंद्र का शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस बेटी के भविष्य के लिए पिता रिश्ता देखने निकले थे, उसका रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी हादसे की खबर फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई।










