
सासनी 20 नवंबर। कस्बे के मोहल्ला चावड़ में कमल सिंह के दो मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर स्थित अंदरूनी कमरे में अज्ञात कारणों से आग लग गई। कमरे से अचानक लपटें और धुआं उठता देख मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आग को आगे फैलने से रोक दिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि आग की चपेट में आने से हजारों रुपये का सामान जलकर नुकसान होने की बात सामने आई है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।










