Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 20 नवंबर। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनपद के ब्लॉक एवं टीबी यूनिट सिकंदराराऊ स्थित एमआई इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पीपीएम समन्वयक ने एनसीसी कैडेट्स को टीबी (क्षय रोग) के लक्षणों, प्रकार, जांच और उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्हें टीबी के प्रति जागरूक रहकर समाज में भी लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला पीपीएम समन्वयक ने बताया कि टीबी मुख्य रूप से दो प्रकार की होती है, पल्मोनरी टीबी और एक्स्ट्रा पल्मोनरी टीबी। इनमें पल्मोनरी टीबी के मरीज अधिक पाए जाते हैं। इस बीमारी के प्रमुख लक्षण खांसी आना, बलगम बनना और बलगम में खून आना हैं। ऐसे मरीजों से संक्रमण दूसरे लोगों तक फैल सकता है। उन्होंने बताया कि टीबी से पीड़ित व्यक्ति यदि नियमित रूप से दवा नहीं लेता है तो वह एक वर्ष में लगभग 12 से 15 लोगों को संक्रमित कर सकता है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति में टीबी से संबंधित लक्षण दिखाई दें तो उसे बिना देरी किए नजदीकी सरकारी अस्पताल में चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए तथा बलगम की जांच नाट तकनीक से करानी चाहिए। जनपद के प्रत्येक ब्लॉक एवं टीबी यूनिट पर नाट जांच की सुविधा उपलब्ध है, जहां यह जांच निःशुल्क की जाती है। जांच में टीबी की पुष्टि होने पर संबंधित ब्लॉक एवं टीबी यूनिट से मरीज को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। एक्स्ट्रा पल्मोनरी टीबी के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यह शरीर के किसी भी अंग को प्रभावित कर सकती है। इसमें मस्तिष्क और आंखों की टीबी, गले में गांठें होना, छाती में पानी भरना, पेट संबंधी समस्याएं, बार-बार दस्त होना तथा हड्डियों में संक्रमण जैसे लक्षण शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा महिलाओं में गर्भाशय की नलिकाओं में टीबी के कारण रुकावट या गांठें भी हो सकती हैं। ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि मरीज चाहे सरकारी अस्पताल से टीबी का उपचार करा रहा हो या निजी चिकित्सक से दवा ले रहा हो, उसे सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। इसके लिए मरीज को अपनी फोटो और बैंक खाते का विवरण उपलब्ध कराना होता है। सरकार की ओर से मरीजों को पोषण सहायता के रूप में प्रतिमाह 1,000 रुपये छह माह तक दिए जाने की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के अंत में एनसीसी कैडेट्स से अपील की गई कि वे टीबी के लक्षणों, जांच और उपचार से जुड़ी सही जानकारी अपने परिवार, आसपास के लोगों और समाज तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते मरीजों की पहचान हो सके और जनपद को टीबी मुक्त बनाने के अभियान को सफल बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page