Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 नवंबर। जिलाधिकारी ने जनता दर्शन के दौरान फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक कार्यदिवस में अपने कार्यालय में स्वयं जनसुनवाई करें और शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर केवल आदेश पारित करने की औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि उनके वास्तविक कारणों की जांच कर पीड़ितों को प्रभावी राहत उपलब्ध कराई जाए।

डीएम ने विशेष रूप से लंबे समय से लंबित शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर ऐसी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। भूमि संबंधी विवादों को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर उपजिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। इससे विवादों का स्थायी समाधान किया जा सकेगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय से न्याय एवं राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page