सादाबाद 17 नवंबर। गोपाष्टमी का पर्व मंगलवार को क्षेत्र में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गौशालाओं और घरों में महिलाओं सहित श्रद्धालुओं ने गौमाता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। गौमाता का तिलक कर आरती उतारी गई और उन्हें गुड़ व चना खिलाकर सुख-समृद्धि की कामना की गई। श्री रामलीला समिति के तत्वावधान में गोपाष्टमी के मौके पर गोचरण मेला निकाला गया।
कुरसंडा स्थित चौधरी गजाधर सिंह नंबरदार स्मृति गौ संरक्षण स्थल पर गोपाष्टमी के उपलक्ष्य में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। सुबह से ही गौशाला में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। यहां भजन-कीर्तन के बीच गौमाता का पूजन किया गया। प्रधान प्रतिनिधि चौधरी बृजराज सिंह नंबरदार ने गौमाता की आरती उतारकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद गोवंशों को अपने हाथों से गुड़ और चना खिलाया। इस अवसर पर भाजपा नेता एवं समाजसेवी चौधरी रूपेंद्र सिंह नंबरदार भी गौशाला पहुंचे। उन्होंने गोवंशों को गुड़ और चना खिलाकर गौसेवा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। प्रत्येक परिवार को अपनी सामर्थ्य के अनुसार कम से कम एक गाय का पालन अवश्य करना चाहिए। गौसेवा से न केवल भारतीय परंपराओं का संरक्षण होता है, बल्कि समाज में सेवा और करुणा की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने लोगों से गोवंशों के संरक्षण और संवर्धन में सहयोग करने की अपील की। पूरे आयोजन के दौरान गौशाला में भक्तिमय वातावरण बना रहा। ग्रामीणों और गौसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए गौमाता की सेवा की और गोवंशों के संरक्षण का संकल्प दोहराया।








