सादाबाद 17 नवंबर। नगर पंचायत में सफाई व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी नजर आ रही है। अधिशासी अधिकारी की नियमित मौजूदगी नहीं होने और नगर पंचायत अध्यक्ष की अनदेखी के चलते सफाई कर्मचारियों की मनमानी बढ़ती जा रही है। नगर के विभिन्न स्थानों पर कूड़े के ढेरों में प्रतिदिन आग लगाई जा रही है। इससे निकलने वाला जहरीला धुआं लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
नगर के रोडवेज बस स्टैंड, सब्जी मंडी, जवाहर बाजार, निरंजन बाजार, डाकखाना रोड सहित कई प्रमुख स्थानों पर सफाई कर्मचारी कूड़ा एकत्रित करने के बाद उसमें आग लगा देते हैं। कूड़े में प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट पदार्थ जलने से उठने वाला जहरीला धुआं आसपास के वातावरण में फैल जाता है। इससे राहगीरों, दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। सबसे अधिक परेशानी सुबह के समय ताजी हवा में टहलने निकलने वाले लोगों को होती है। सड़कों और बाजारों में फैले धुएं के कारण लोगों को नाक पर रूमाल रखकर वहां से गुजरना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार धुएं के संपर्क में रहने से सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों की परेशानी बढ़ रही है। दमा और अस्थमा के मरीजों को विशेष रूप से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे के लोगों के मुताबिक यह समस्या पिछले कई महीनों से लगातार बनी हुई है। नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार इस ओर ध्यान दिलाए जाने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों का कहना है कि सादाबाद संरक्षित क्षेत्र के अंतर्गत आता है, ऐसे में यहां कूड़ा जलाकर वायु प्रदूषण फैलाना नियमों के भी विपरीत है। सुप्रीम कोर्ट के प्रदूषण नियंत्रण संबंधी स्पष्ट निर्देशों के बावजूद खुलेआम कूड़ा जलाया जा रहा है।








