सादाबाद 17 नवंबर। क्षेत्र में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए चार सड़क हादसों में आठ लोग घायल हो गए। हादसों में ऑटो पलटने से चार युवक घायल हुए, जबकि बाइक और स्कूटी सवार भी दुर्घटनाओं का शिकार हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पहला हादसा सादाबाद-हाथरस मार्ग पर हीरो मोटरसाइकिल एजेंसी के सामने हुआ। यहां किसी अज्ञात वाहन ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार सुमित कुमार पुत्र विजय सिंह, विशाल पुत्र गुड्डू, बंटी पुत्र हरचरण और सचिन पुत्र छोटेलाल निवासी नगला भोजा, हाथरस घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से घायलों को ऑटो से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। दूसरा हादसा सादाबाद के राजा मार्ग पर हुआ। यहां अपने पिता के साथ बाइक से गांव जा रहीं पूजा शर्मा पत्नी दीपक शर्मा निवासी अनौड़ा, थाना राया अचानक बाइक से गिरकर घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। तीसरी दुर्घटना सादाबाद-आगरा मार्ग पर हुई। यहां स्कूटी से जा रहे 70 वर्षीय शिखर सिंह पुत्र साहब सिंह अचानक संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिरकर घायल हो गए। उन्हें भी उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। चौथा हादसा बाइक सवार अरबाज पुत्र शकील निवासी नगला बिहारी, थाना चंदपा के साथ हुआ। बताया गया कि कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया।








