सिकन्दराराऊ 17 नवंबर। उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव, उपभोक्ता मामले विभाग देवेंद्र कुमार पांडेय (आईएएस) ने मंगलवार को जनपद की तहसील सिकंदराराऊ में संचालित धान एवं बाजरा क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने क्रय केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, किसानों को दी जा रही सहूलियतों और खरीद प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान विशेष सचिव ने केंद्र प्रभारियों को शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं सुचारु ढंग से खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्रों पर अपनी उपज लेकर आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा उनकी उपज की नियमानुसार खरीद की जाए।
इसके उपरांत विशेष सचिव ने जनपद में धान, बाजरा एवं मक्का खरीद के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक हुई खरीद की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने फसलवार खरीद की स्थिति की जानकारी लेते हुए विशेष रूप से धान खरीद की समीक्षा की। गत वर्ष की तुलना में धान खरीद कम पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और जिला खाद्य विपणन अधिकारी को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी खरीद कार्य में तेजी लाएं और निर्धारित लक्ष्य को तय समय सीमा के भीतर पूरा कराएं। क्रय केंद्रों पर किसानों की उपज की नियमानुसार खरीद की जाए तथा उन्हें उनकी उपज का निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) समय से उपलब्ध कराया जाए।
विशेष सचिव ने खरीद प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने और क्रय संबंधी सभी अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से क्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा खरीद कार्य की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, जिससे किसानों को सरकारी खरीद व्यवस्था का पूरा लाभ मिल सके। निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान संभागीय खाद्य विपणन अधिकारी, अलीगढ़ संभाग प्रदीप कुमार कुशवाहा, जिला खाद्य विपणन अधिकारी के.पी. यादव, तहसीलदार सिकंदराराऊ सुलभ गुप्ता तथा जिला प्रबंधक (पीसीएफ) ललित कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








