सिकन्दराराऊ (हसायन) 17 नवंबर। विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत सीधामई में ग्राम विकास कार्यों को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने अया है।गांव के निवासी नंद राम सिंह पुत्र कुंवरपाल सिंह ने ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत अधिकारी पर विकास कार्यों में लापरवाही,सरकारी धन के दुरुपयोग और विभिन्न योजनाओं में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी हाथरस को शिकायती शपथ पत्र प्रस्तुत किया है।शिकायतकर्ता ने अपने शपथ पत्र में आरोप लगाया है कि ग्राम सभा की प्रतिवर्ष होने वाली खुली बैठक नियमानुसार आयोजित नहीं की गई,जिसके चलते पात्र लाभार्थियों का चयन और गांव में कराए जाने वाले आवश्यक विकास कार्यों का निर्धारण पारदर्शी तरीके से नहीं हुआ।शिकायत में मनरेगा योजना को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।शिकायतकर्ता का कहना है कि प्रतिवर्ष मनरेगा के अंतर्गत कथित रूप से फर्जी कार्य दर्शाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया तथा मनरेगा जॉब कार्ड धारकों को सौ दिन का रोजगार देने में मनमानी करते हुए अपने चहेते लोगों को प्राथमिकता दी गई।इसके अलावा गांव के चारागाह में सरकारी धनराशि से तारबंदी और गेट निर्माण का प्रस्ताव था, लेकिन आरोप है कि तारबंदी कराने के बाद गेट का निर्माण नहीं कराया गया।ग्राम पंचायत में स्थापित जनसेवा केंद्र पर भी खर्च की गई धनराशि के बावजूद आम जनता को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिलने की शिकायत की गई है।शिकायतकर्ता ने ग्राम पंचायत में बने क्रीड़ा स्थल एवं व्यायामशाला के निर्माण में अनियमितताओं, आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों को वितरित किए जाने वाले खाद्यान्न में कथित लापरवाही, पेयजल के लिए लगाए गए नलों की मरम्मत कराए बिना धनराशि निकालने तथा आंबेडकर पार्क के निर्माण में अनियमितता बरतने के आरोप भी लगाए हैं।वहीं गांव में रास्ते और नालियों के निर्माण में भी कथित फर्जीवाड़ा कर सरकारी धनराशि निकालने, सोलर लाइटों को ग्राम प्रधान के चहेते लोगों के यहां लगवाने तथा पंचायत घर में इन्वर्टर, बैटरी और बिजली जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया गया है।शिकायतकर्ता ने पंचायत घर की व्यवस्थाओं के नाम पर फर्जी बिलों के माध्यम से धनराशि निकाले जाने की आशंका भी जताई है।स्कूल के रास्ते पर अतिक्रमण और चार गांवों की जल निकासी बंद करने का आरोप लगाते हुए शिकायती शपथ पत्र में एक गंभीर मामला स्कूल से योगेंद्र सिंह के घर तक जाने वाले रास्ते का भी उठाया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ग्राम प्रधान द्वारा रास्ते पर अतिक्रमण कर आवागमन अवरुद्ध कर दिया गया है।इसके साथ ही जल निकासी की समस्या को लेकर बताया गया है कि ग्राम गोपालपुर, सिकतरा, सीधामई और नगला अडू सहित चार गांवों की कृषि भूमि का पानी एक जल प्रवाहित क्षेत्र से नाले के माध्यम से बंबा की पटरी के नीचे बने साइफन द्वारा निकटवर्ती नदी में पहुंचता था।आरोप है कि ग्राम प्रधान द्वारा साइफन तोड़ दिया गया और उसके आगे पक्का रास्ता बनाकर जल निकासी के नाले को पूरी तरह बंद कर दिया गया।इससे चारों गांवों के किसानों की सैकड़ों बीघा कृषि भूमि प्रभावित हो रही है। शिकायतकर्ता के अनुसार जल निकासी बाधित होने से किसानों को रबी और खरीफ दोनों फसलों के दौरान नुकसान उठाना पड़ सकता है।शिकायतकर्ता नंद राम सिंह ने जिलाधिकारी से ग्राम पंचायत सीधामई में कराए गए विकास कार्यों, मनरेगा योजना, निर्माण कार्यों एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं में खर्च की गई धनराशि की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत अधिकारी की कथित अनियमितताओं की जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।
———————————————————————————————————-








