
हाथरस (मुरसान) 17 नवंबर। गांव कोटा गारबगढ़ी में क्षेत्र पंचायत निधि से निर्मित सीसी टाइल्स सड़क का लोकार्पण ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने फीता काटकर किया। सड़क निर्माण कार्य पूरा होने पर ग्रामीणों में खुशी देखने को मिली। इस अवसर पर गांव के लोगों ने रामेश्वर उपाध्याय का फूल-माला पहनाकर, पगड़ी बांधकर एवं पीतांबर ओढ़ाकर भव्य स्वागत और सम्मान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने कहा कि ग्रामीणों के आशीर्वाद से उनके बड़े भाई स्वर्गीय रामवीर उपाध्याय ने पूरे जनपद के प्रत्येक गांव में सर्वसमाज के हित को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य कराए थे। इनमें विद्युतीकरण, नाली, सड़क, खरंजा, सामुदायिक केंद्र, बारातघर और हैंडपंप जैसे जनसुविधा से जुड़े कार्य शामिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गांवों में विकास के जो भी कार्य अभी शेष रह गए हैं, उन्हें जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत निधि के माध्यम से जल्द से जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। इस अवसर पर प्रमोद शर्मा, हरदयाल शर्मा, योगेंद्र शर्मा, त्रिलोकचंद शर्मा, मुकेश चतुर्वेदी, योगेश चतुर्वेदी, राकेश गर्ग, गिरीश चतुर्वेदी, देव शर्मा, सत्यपाल बजानिया, राजेश बजानिया, जयपाल बजानिया सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।








