सादाबाद (सहपऊ) 17 नवंबर। गांव उधैना में पं. दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान श्यामवीर सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान पशुपालकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और अपने पशुओं का पंजीकरण कराया। शिविर में पशुओं के पंजीकरण एवं उपचार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। पशु चिकित्सक डॉ. विकास यादव ने पशुपालकों को पशुओं के नियमित टीकाकरण, बांझपन की समस्या, सर्जरी, बधियाकरण और पशुधन बीमा सहित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने पशुओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों, उनके लक्षणों और बचाव के उपायों के बारे में भी पशुपालकों को जागरूक किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्यामवीर सिंह ने गायों की पूजा-अर्चना कर उन्हें गुड़ खिलाया। उन्होंने पशुपालकों से पशुओं की उचित देखभाल करने और समय-समय पर उनका टीकाकरण कराने की अपील की। शिविर में रामगोपाल, उदय सिंह राना, अवधेश चौहान, धीरेन्द्र कुमार, दिलीप कुमार सहित पशुधन प्रसार अधिकारियों ने सहभागिता की।








