Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सासनी 17 नवंबर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) प्रखंड सासनी के तत्वावधान में गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विहिप के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय श्रद्धालुओं ने एकत्रित होकर गौ माता का विधिवत पूजन किया तथा गौ सेवा और संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद हाथरस के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने गोपाष्टमी के पौराणिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मान्यता के अनुसार, इसी तिथि पर भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार बछड़ों के स्थान पर गायों को चराने के लिए वन में प्रस्थान किया था। उन्होंने गोवर्धन पर्वत धारण करने और देवराज इंद्र का अभिमान भंग होने से जुड़ी कथा का भी उल्लेख किया। बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा से सप्तमी तक गोवर्धन पर्वत धारण कर ब्रजवासियों की रक्षा की थी। इसके बाद अष्टमी को इंद्र ने अपना अहंकार त्यागकर श्रीकृष्ण से क्षमा मांगी। तभी से इस तिथि को गोपाष्टमी के रूप में मनाने की परंपरा प्रचलित हुई।

जिला संपर्क प्रमुख डॉ. विकास सिंह ने कहा कि सनातन शास्त्रों में गौ माता के शरीर में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास बताया गया है। गोपाष्टमी पर गौ सेवा और दान का विशेष महत्व है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए आगे आने का आह्वान किया। गोरक्षा प्रमुख नरेश उपाध्याय ने गौ पूजन की विधि बताते हुए कहा कि इस पर्व पर गायों और बछड़ों को स्नान कराकर हल्दी, कुमकुम, चंदन और पुष्पों से उनका श्रृंगार किया जाता है। इसके बाद धूप, दीप, अक्षत, रोली और गुड़-चने से आरती उतारी जाती है। पूजन के पश्चात गायों को हरा चारा, गुड़, आटे की लोई, फल और खीर अर्पित कर उनकी परिक्रमा की जाती है। इस अवसर पर प्रखंड उपाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह, साप्ताहिक सत्संग प्रमुख राजू माहौर, अनीता सेन, देव प्रकाश देव, बजरंग दल के प्रखंड सह संयोजक अंकित शर्मा, पावनी उपाध्याय और देव उपाध्याय सहित विहिप के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page