
सिकन्दराराऊ (हसायन) 15 नवंबर। गांव धर्मपुर नगरिया में पति से हुए विवाद की रंजिश को लेकर एक आशा संगिनी महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही दो लोगों ने महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव धर्मपुर नगरिया निवासी राजकुमारी पत्नी संजय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हसायन में आशा संगिनी के पद पर कार्यरत है। अपने कार्य के सिलसिले में उसे प्रतिदिन क्षेत्र में भ्रमण करना पड़ता है। आरोप है कि गांव के राम बहादुर और अरुण ने उसके पति से हुए विवाद की रंजिश को लेकर उसके साथ गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। पीड़िता का आरोप है कि दोनों आरोपी लगातार उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे वह दहशत में है। मामले में थाना हसायन पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





