
हाथरस 13 नवंबर। जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जनपद के कुल 62 विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। प्रशासन ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की स्वगणना की प्रक्रिया निर्धारित समयावधि में अनिवार्य रूप से पूरी कराएं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना अभियान संचालित किया जाएगा। इसके लिए प्रतिदिन अलग-अलग विभागों, संस्थाओं और सामाजिक वर्गों को लक्ष्य बनाकर जागरूकता एवं सहभागिता की रणनीति तैयार की गई है। अभियान के पहले दिन 16 नवंबर को राजस्व एवं प्रशासन दिवस के अंतर्गत सभी विभागाध्यक्षों, कार्यालय प्रमुखों, सांसदों, विधायकों एवं विधान परिषद सदस्यों की स्वगणना सुनिश्चित की जाएगी। 17 नवंबर को स्थानीय निकाय एवं ग्रामीण विकास दिवस के तहत महापौर, नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षद, जिला पंचायत अध्यक्ष, क्षेत्र पंचायतों एवं ग्राम प्रधानों को शामिल किया जाएगा।
18 नवंबर को युवा एवं खेल दिवस के अंतर्गत खेल क्लबों, स्टेडियम, एनएसएस, एनसीसी एवं मीडिया संस्थानों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 19 नवंबर को जिले में निवास करने वाले पद्म पुरस्कार प्राप्त व्यक्तियों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन एवं घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को जागरूक किया जाएगा। 20 नवंबर को न्यायिक दिवस के तहत न्यायपालिका एवं बार एसोसिएशन, जबकि 21 नवंबर को वर्दीधारी बल दिवस के अंतर्गत पुलिस, पीएसी एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के अधिकारियों और कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। 22 नवंबर को केंद्र सरकार के कार्यालयों एवं वित्तीय संस्थानों, बैंकों, रेलवे, डाकघरों और कोषागार से जुड़े कर्मचारियों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाएगा। 23 नवंबर को शिक्षा दिवस के अंतर्गत स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, पॉलिटेक्निक, आईटीआई एवं कोचिंग संस्थानों को शामिल किया जाएगा। 24 नवंबर को स्वास्थ्य दिवस पर आईएमए, नर्सिंग होम एसोसिएशन एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को जागरूक किया जाएगा। 25 नवंबर को उद्योग एवं परिवहन दिवस के तहत व्यापारियों, दुकानदारों, मंडियों, होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन संचालकों एवं सिनेमा हॉल से जुड़े लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
26 नवंबर को महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस के अंतर्गत महिला प्रधान संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं आशा कार्यकर्ताओं को अभियान से जोड़ा जाएगा। 27 नवंबर को विशेष आवश्यकता वाले लोगों के लिए डिजिटल माध्यम से सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। 28 नवंबर को वर्क फ्रॉम होम दिवस के तहत कॉमन सर्विस सेंटर, पंचायत भवन एवं शहरी वार्ड कार्यालयों में सहायता केंद्रों के माध्यम से स्वगणना कराई जाएगी। 29 नवंबर को प्राइड दिवस के अंतर्गत LGBTQ समुदाय के परिवारों को अभियान से जोड़ने की योजना बनाई गई है। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि जनपद के सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी स्वयं तथा अपने परिवार का विवरण घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in अथवा मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज कर सकते हैं। ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद प्राप्त होने वाली 13 अंकों की स्वगणना आईडी (SE ID) को सुरक्षित रखना होगा तथा घर पर आने वाले प्रगणक को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना होगा।
सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों एवं संबंधित व्यक्तियों को स्वगणना के प्रति जागरूक करें और निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। प्रशासन का उद्देश्य जनगणना की प्रक्रिया में अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के साथ ही सही, सटीक एवं अद्यतन आंकड़ों का संकलन करना है, जिससे जनगणना-2027 का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।










