
सिकन्दराराऊ 11 नवंबर। कोतवाली क्षेत्र के गांव कोंडरा जहांगीरपुर में चार दिन से लापता बच्ची ममता का शव गुरुवार सुबह नहर किनारे बोरे में बंद मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ममता 9 नवंबर की शाम करीब पांच बजे अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सिकंदराराऊ कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस भी बच्ची की तलाश में जुटी हुई थी। गुरुवार सुबह ग्रामीणों को नहर किनारे पड़े एक बोरे से तेज दुर्गंध महसूस हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बोरे को खुलवाया तो उसके अंदर ममता का शव बरामद हुआ।
बच्ची का शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। गांव में मातम के साथ आक्रोश का माहौल है। ममता की मां वीरेश ने बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर कौन उनकी बच्ची को घर से ले गया और उसकी जान ले ली। बताया गया है कि ममता अपने परिवार में सबसे बड़ी थी। उसके पीछे एक छोटी बहन और करीब तीन माह का छोटा भाई है। उसके पिता शीशपाल सिंह की करीब चार महीने पहले अकराबाद क्षेत्र में बाइक दुर्घटना में मौत हो चुकी है। पति को खोने के बाद परिवार अभी इस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि अब बेटी की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वहीं, ग्रामीणों ने बच्ची की हत्या कर शव को पहचान और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से बोरे में बंद कर नहर किनारे फेंके जाने की आशंका जताई है। हालांकि, हत्या के कारणों और घटना के पीछे किसका हाथ है, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। गांव और घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है।








