Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 नवंबर । गांवों से निकलकर बेटियां अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर सफलता की नई इबारत लिख रही हैं। इसकी प्रेरणादायक मिसाल कथरिया गांव की फुटबॉलर राधा ने पेश की है। झारखंड और आंध्र प्रदेश के बाद अब कर्नाटक के मैदान पर अपने खेल का दमखम दिखाकर राधा ने राष्ट्रीय स्तर पर हाथरस का नाम रोशन किया है। एक से 31 अक्टूबर तक कर्नाटक के बेलगावी में आयोजित अंडर-15 यूथ लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में दिल्ली की हॉप्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता में हाथरस के खेलो इंडिया फुटबॉल सेंटर की खिलाड़ी राधा के प्रदर्शन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

राधा इससे पहले अंडर-15 जूनियर गर्ल्स नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वहां उनके शानदार खेल प्रदर्शन से चयनकर्ता प्रभावित हुए थे। उत्तर प्रदेश की टीम के लिए उनके बेहतरीन प्रदर्शन के बाद ही उनका चयन यूथ लीग प्रतियोगिता के लिए हुआ था। कथरिया गांव की रहने वाली राधा वर्तमान में एसएस इंटर कॉलेज में कक्षा 10 की छात्रा हैं। उनके वापस लौटकर खेलो इंडिया फुटबॉल सेंटर पहुंचने की खबर मिलते ही साथी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सेंटर पहुंचने पर कोच वर्षा शर्मा और निशा शर्मा ने राधा को मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया और उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। राधा की यह सफलता जिले की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा है। उनकी मेहनत और लगन ने साबित किया है कि प्रतिभा और अवसर मिलने पर गांवों की बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page