Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 नवंबर । पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। इस बार मामला कोतवाली गेट का है, जहां अपनी क्षतिग्रस्त कार की शिकायत लेकर पहुंचे किशोर न्यायालय के पेशकार के साथ एक पुलिसकर्मी द्वारा कथित तौर पर अभद्रता और थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। जानकारी के अनुसार, लेबर कॉलोनी निवासी किशोर न्यायालय के पेशकार कुशल सिंह की कार विष्णुपुरी इलाके में खड़ी थी। इसी दौरान दिल्ली नंबर की एक तेज रफ्तार एर्टिगा कार उनकी खड़ी कार में टक्कर मारते हुए निकल गई। बताया जा रहा है कि उस समय पुलिस की जीप एर्टिगा कार का पीछा कर रही थी। पुलिस ने पीछा कर कार को रुकवा लिया और उसमें सवार दो लोगों को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिसकर्मी कार और दोनों युवकों को अपने साथ ले गए।

इधर, अपनी क्षतिग्रस्त कार की शिकायत लेकर पेशकार कुशल सिंह कोतवाली हाथरस गेट पहुंचे। आरोप है कि वहां उन्हें न तो टक्कर मारने वाली एर्टिगा कार दिखाई दी और न ही उसमें पकड़े गए दोनों व्यक्ति मिले। इस पर उन्होंने पुलिसकर्मियों से अपनी कार क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की और एर्टिगा कार के संबंध में जानकारी मांगी। पेशकार का आरोप है कि कोतवाली के कार्यालय में मौजूद एक पुलिसकर्मी, जो बिना नेम प्लेट के बैठा था, ने उनके साथ अभद्रता की और थप्पड़ मार दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया। बताया जा रहा है कि थाने के कार्यालय में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

किशोर न्यायालय के पेशकार कुशल सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह अपनी क्षतिग्रस्त कार की शिकायत दर्ज कराने और एर्टिगा कार के संबंध में जानकारी लेने कोतवाली पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की। उन्होंने इस मामले में पुलिस अधीक्षक हाथरस से लिखित शिकायत करने की बात कही है। वीडियो सामने आने के बाद थाने में शिकायत लेकर पहुंचने वाले आम नागरिकों के साथ पुलिस के व्यवहार को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल मामले में पेशकार की ओर से लगाए गए आरोपों और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page